वाराणसी थाना शिवपुर पुलिस शातिर चेन स्नैचर को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर खुद थपथपा रही अपनी पीठ
शिवपुर थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में एक शातिर चेन स्नैचर गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसके कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, लूट के रुपये और घटना में प्रयुक्त टीवीएस अपाचे बाइक बरामद की है।
गिरफ्तार बदमाश ने शिवपुर क्षेत्र में महिला से चेन लूट की वारदात कबूल करते हुए अपने साथी के साथ मिलकर कई घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार तड़के प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार वर्मा पुलिस टीम के साथ रिंग रोड सिंधौरा-चांदमारी अंडरपास के पास संदिग्ध वाहन व व्यक्तियों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की एक टीवीएस अपाचे बाइक पर सवार युवक आता दिखाई दिया।
पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो वह भागने लगा। घेराबंदी के दौरान बाइक फिसलकर गिर गई, जिसके बाद बदमाश ने पुलिस टीम पर तमंचे से फायरिंग कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश की पहचान बादल साहनी पुत्र अनिल साहनी निवासी किरहिया थाना भेलूपुर वाराणसी के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध तमंचा .15 बोर, एक फायरशुदा खोखा, एक जिंदा कारतूस, 3630 रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल बरामद हुई।
पूछताछ में बादल साहनी ने बताया कि उसने अपने साथी अमन यादव के साथ मिलकर 30 अप्रैल 2026 को शिवपुर स्थित विश्वनाथपुरी कॉलोनी में एक महिला के गले से चेन लूटी थी। वारदात के बाद दोनों सेंट्रल जेल रोड की तरफ फरार हो गए थे।
लूटी गई चेन को ज्वैलर्स के यहां बेच दिया गया था और हिस्से में मिले पैसों में से कुछ रकम नशे में खर्च कर दी गई।
आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि वह लोग वारदात के दौरान बिना नंबर प्लेट की बाइक का इस्तेमाल करते थे और क्षेत्र में फिर से लूट की योजना बना रहे थे।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मु0अ0सं0 0196/2026 में धारा 309(4), 317(2), 109(1) बीएनएस व 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की है।
घायल बदमाश को उपचार के लिए पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय चिकित्सालय भेजा गया।
मुठभेड़ और गिरफ्तारी की कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार वर्मा के साथ उपनिरीक्षक प्रवीण सचान, अनिकेत श्रीवास्तव, गौरव सिंह, विद्यासागर समेत पुलिस टीम शामिल रही। पुलिस ने मौके से फायरिंग से जुड़े साक्ष्य भी एकत्र कर फील्ड यूनिट की सहायता से जांच शुरू कर दी है।
रिपोर्ट- अश्वनी जायसवाल..