•   Tuesday, 14 Jul, 2026
In view of the safe secure and peaceful organization of Lord Jagannath Rath Yatra Mela 2026 the Deputy Commissioner of Police Gomti Zone held a meeting with the Mela Management Committee and gave necessary guidelines.

पुलिस उपायुक्त, गोमती जोन द्वारा भगवान जगन्नाथ रथयात्रा मेला-2026 के सकुशल, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण आयोजन के दृष्टिगत मेला प्रबंधन समिति के साथ गोष्ठी कर दिए गए आवश्यक दिशा-निर्देश

Generic placeholder image
  Varanasi ki aawaz

पुलिस उपायुक्त, गोमती जोन द्वारा भगवान जगन्नाथ रथयात्रा मेला-2026 के सकुशल, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण आयोजन के दृष्टिगत मेला प्रबंधन समिति के साथ गोष्ठी कर दिए गए आवश्यक दिशा-निर्देश

नृपेन्द्र, अपर पुलिस उपायुक्त, गोमती जोन द्वारा थाना राजातालाब पर भगवान जगन्नाथ रथयात्रा मेले के सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित आयोजन के दृष्टिगत मेला प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों के साथ गोष्ठी आयोजित कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। 

इस अवसर पर सहायक पुलिस आयुक्त राजातालाब, प्रभारी निरीक्षक राजातालाब सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

गोष्ठी में मेला प्रबंधन समिति को निम्नलिखित निर्देश दिए गया

1. श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए भीड़ प्रबंधन में पुलिस का पूर्ण सहयोग करें तथा प्रवेश, निकास एवं रथयात्रा मार्ग पर किसी भी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न होने दें।

2. किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु, वाहन अथवा गतिविधि की सूचना तत्काल ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारी को दें। किसी भी स्थिति में स्वयं हस्तक्षेप न करें तथा पुलिस की आवश्यक कार्रवाई में पूर्ण सहयोग करें।

3. रथयात्रा मार्ग, बैरिकेडिंग, आपातकालीन मार्ग तथा एम्बुलेंस एवं अग्निशमन वाहनों के लिए निर्धारित मार्गों को प्रत्येक समय पूर्णतः अवरोधमुक्त रखें, जिससे आपात सेवाओं का आवागमन निर्बाध बना रहे।

4. मेला क्षेत्र में अतिक्रमण, अवैध पार्किंग एवं अनधिकृत दुकानों पर प्रभावी नियंत्रण रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें, जिससे श्रद्धालुओं का आवागमन सुरक्षित, सुचारु एवं व्यवस्थित बना रहे।

5. महिलाओं, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांग श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा पर विशेष ध्यान दें तथा आवश्यकता होने पर उन्हें तत्काल पुलिस सहायता एवं आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराएं।

6. खोया-पाया, चिकित्सा सहायता अथवा किसी भी आपात स्थिति में संबंधित व्यक्ति को तत्काल पुलिस सहायता केंद्र, नियंत्रण कक्ष अथवा चिकित्सा दल तक पहुँचाने में सक्रिय सहयोग करें।

7. किसी भी विवाद, झगड़े, अफवाह अथवा सोशल मीडिया पर प्रसारित भ्रामक सूचना की तत्काल जानकारी पुलिस को दें तथा अपुष्ट सूचनाओं का किसी भी रूप में प्रचार-प्रसार न करें।

8. मेला परिसर में अग्निशमन यंत्र, प्राथमिक उपचार सामग्री एवं एम्बुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित रखें तथा किसी भी आकस्मिक घटना की सूचना तत्काल पुलिस एवं संबंधित विभाग को दें।

9. निर्धारित पार्किंग स्थलों का पालन सुनिश्चित कराएं, यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें तथा रथयात्रा मार्ग पर अनावश्यक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रखें।

10. सभी समिति सदस्य पहचान पत्र धारण करें, अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करें तथा पुलिस एवं प्रशासन द्वारा समय-समय पर दिए गए निर्देशों का पूर्णतः पालन सुनिश्चित करें।

प्रस्तावित रथयात्रा मेला के दृष्टिगत रूट डायवर्जन

दिनांक 16 एवं 17 जुलाई, 2026 को थाना राजातालाब क्षेत्रान्तर्गत भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा लॉ कॉलेज, रानीबाजार से प्रारम्भ होकर भैरोनाथ तालाब तक निकाली जाएगी। रथयात्रा में रथ, हाथी, घोड़े एवं अन्य पारंपरिक आकर्षण शामिल रहेंगे। 

मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए जनसुविधा एवं यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने हेतु निम्नलिखित डायवर्जन व्यवस्था लागू रहेगी—

1. जमुआ से राजातालाब आने वाले सभी वाहन भीमचण्डी मार्ग से मातलदेई होते हुए अपने गंतव्य की ओर जाएंगे।

2. जक्खिनी से राजातालाब आने वाले सभी वाहन भीमचण्डी मार्ग से मातलदेई होते हुए अपने निर्धारित गंतव्य तक जाएंगे।

3. हरपुर अण्डरपास से राजातालाब की तरफ आने वाले वाहन हरपुर से रखौना अण्डरपास होकर वैकल्पिक मार्ग से अपने गंतव्य तक जाएंगे।

4. कस्बा राजातालाब से जंसा की तरफ जाने वाले वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। राजातालाब से जंसा की तरफ जाने वाले वाहन रखौना अण्डरपास होते हुए हरपुर अण्डरपास मार्ग का उपयोग करेंगे।

आमजन से अपील

रथयात्रा के दौरान लागू डायवर्जन व्यवस्था का पालन करें, यातायात नियमों का अनुपालन करें, अफवाहों पर ध्यान न दें तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देकर प्रशासन का सहयोग करें।

सोशल मीडिया सेल

पुलिस उपायुक्त, गोमती जोन

कमिश्नरेट वाराणसी

रिपोर्ट- अश्वनी जायसवाल..
Comment As:

Comment (0)