मिशन शक्ति 5.0 : प्रयागराज पुलिस का जागरूकता अभियान, महिलाओं की सुरक्षा व सम्मान को दिया संदेश


मिशन शक्ति 5.0 : प्रयागराज पुलिस का जागरूकता अभियान, महिलाओं की सुरक्षा व सम्मान को दिया संदेश
प्रयागराज कमिश्नरेट पुलिस द्वारा मिशन शक्ति 5.0 के तहत व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस आयुक्त जोगेंद्र कुमार, अपर पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था डॉ. अजय पाल के निर्देशन तथा पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य व अपर पुलिस उपायुक्त नगर पुष्कर वर्मा के पर्यवेक्षण में नगर जोन के सभी थानों की महिला बीट अधिकारी, एंटी रोमियो स्क्वॉड और विशेष महिला सुरक्षा दलों ने गांवों, कस्बों, स्कूलों व सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर महिलाओं व बालिकाओं को सुरक्षा संबंधी जानकारी दी।
अभियान के तहत पुलिस टीमों ने गुड-टच-बैड-टच, आत्मरक्षा, महिला सशक्तिकरण तथा विभिन्न हेल्पलाइन नम्बरों जैसे- वूमेन पावर लाइन 1090, यूपी पुलिस इमरजेंसी सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 181, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, एम्बुलेंस सेवा 108, स्वास्थ्य सेवा 102 और साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 के बारे में विस्तार से बताया।
थाना धूमनगंज पुलिस टीम ने प्राथमिक विद्यालय हरवारा-II में छात्र-छात्राओं को पंपलेट वितरित कर सुरक्षा संबंधी जागरूकता दी। इसी प्रकार थाना खुल्दाबाद पुलिस ने उच्च प्राथमिक विद्यालय पुराना लूकरगंज में जागरूकता अभियान चलाया। थाना कर्नलगंज पुलिस ने भारद्वाज आश्रम व थाना दारागंज पुलिस ने अलोपी शक्तिपीठ मंदिर में महिलाओं को जागरूक किया। इस दौरान टीमों ने महिलाओं से संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं और उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
एंटी रोमियो स्क्वॉड द्वारा बस अड्डों, बाजारों, प्रमुख चौराहों और धार्मिक स्थलों पर गश्त व चेकिंग कर शोहदों को सख्त चेतावनी दी गई।
यह अभियान महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन की दिशा में प्रयागराज पुलिस की ठोस पहल साबित हो रहा है।
