•   Sunday, 05 Oct, 2025
Prayagraj Police's awareness campaign under the leadership of DCP Manish Shandilya

डीसीपी मनीष शाण्डिल्य के नेतृत्व में प्रयागराज पुलिस का जागरूकता अभियान

Generic placeholder image
  Varanasi ki aawaz

स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थलों पर छात्राओं को दी गई आत्मरक्षा की जानकारी, महिलाओं को बताई गई हेल्पलाइन सेवाएं

डीसीपी मनीष शाण्डिल्य के नेतृत्व में प्रयागराज पुलिस का जागरूकता अभियान

प्रयागराज:- उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना “मिशन शक्ति 5.0” के तहत शनिवार को प्रयागराज नगर जोन के सभी थाना क्षेत्रों में महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। यह अभियान पुलिस आयुक्त जोगेंद्र कुमार और अपर पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) डॉ. अजय पाल के निर्देशन तथा पुलिस उपायुक्त नगर (डीसीपी) मनीष कुमार शाण्डिल्य के पर्यवेक्षण में संचालित हुआ।

अभियान के दौरान महिला बीट अधिकारियों, एंटी रोमियो स्क्वाड और विशेष महिला सुरक्षा दलों ने विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर जाकर महिलाओं और छात्राओं को उनके अधिकारों व सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक किया।

थाना जॉर्जटाउन क्षेत्र स्थित केपी कम्युनिटी हॉल में आयोजित सेल्फ डिफेंस कार्यशाला में डीसीपी नगर मनीष शाण्डिल्य की उपस्थिति में छात्राओं को आत्मरक्षा की तकनीकों का प्रशिक्षण दिया गया। उन्हें “गुड टच” और “बैड टच” के बारे में जानकारी दी गई तथा संकट की स्थिति में खुद को सुरक्षित रखने के व्यावहारिक उपाय बताए गए।

वहीं करैली, कीडगंज, कोतवाली और झूंसी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने पम्पलेट वितरित कर महिला सुरक्षा हेल्पलाइन नंबर — 1090, 112, 181, 1930, 1098, 1076, 108 और 102 — की जानकारी दी। महिलाओं को मिशन शक्ति केंद्र, महिला हेल्प डेस्क, साइबर हेल्प डेस्क और एंटी रोमियो स्क्वाड की भूमिका से भी अवगत कराया गया।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, उज्जवला योजना और अभ्युदय योजना जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई।

डीसीपी मनीष शाण्डिल्य ने बताया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा ताकि हर महिला खुद को सुरक्षित, सशक्त और आत्मनिर्भर महसूस कर सके।

रिपोर्ट- मो रिजवान अंसारी. जिला संवाददाता इलाहाबाद
Comment As:

Comment (0)