महिला सशक्तिकरण हेतु पुलिस द्वारा जागरूकता अभियान मिशन शक्ति फेज 5 के तहत छात्राओं और महिलाओं को दी गई सुरक्षा संबंधी जानकारी


महिला सशक्तिकरण हेतु पुलिस द्वारा जागरूकता अभियान मिशन शक्ति फेज 5 के तहत छात्राओं और महिलाओं को दी गई सुरक्षा संबंधी जानकारी
प्रयागराज। 07 अक्टूबर 2024: पुलिस आयुक्त तरुण गाबा और अपर पुलिस आयुक्त एन. कोलांची के निर्देशन में पुलिस उपायुक्त नगर अभिषेक भारती के कुशल पर्यवेक्षण में 'मिशन शक्ति फेज-05' के तहत महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण के संबंध में एक महत्वपूर्ण जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान के अंतर्गत थाना कोतवाली और थाना खुल्दाबाद में गठित एंटी-रोमियो स्क्वाड और महिला बीट अधिकारियों ने स्कूलों और कॉलेजों में जाकर बालिकाओं, छात्राओं और महिलाओं को विभिन्न पहलुओं से जागरूक किया।
महिलाओं और छात्राओं को 'गुड-टच' और 'बैड-टच' की पहचान करने के साथ-साथ सुरक्षा हेल्पलाइनों की जानकारी दी गई। इस दौरान उन्हें 1090 वूमेन पॉवर लाइन, यूपी-112 आपातकालीन सेवा, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के बारे में विस्तृत रूप से बताया गया। पुलिस टीम ने महिला हेल्प डेस्क, एंटी-रोमियो स्क्वाड, शक्ति दीदी अभियान, और आत्मरक्षा के विभिन्न उपायों की जानकारी भी दी।
इसके अलावा, महिला कल्याणकारी योजनाओं जैसे मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन, उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, राष्ट्रीय पोषण मिशन, रानी लक्ष्मीबाई बाल एवं महिला सम्मान कोष और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के बारे में भी छात्राओं और महिलाओं को जागरूक किया गया।
इस जागरूकता अभियान का उद्देश्य महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है, ताकि वे आत्मनिर्भर और जागरूक होकर अपने अधिकारों की सुरक्षा कर सकें।
रिपोर्ट- मो रिजवान अंसारी. जिला संवाददाता इलाहाबाद