•   Tuesday, 08 Apr, 2025
Smart Prayagraj is getting ready for the divine and grand event of Maha Kumbh 2025

महाकुंभ 2025 दिव्य और भव्य आयोजन के लिए तैयार हो रहा स्मार्ट प्रयागराज

Generic placeholder image
  Varanasi ki aawaz

महाकुंभ 2025 दिव्य और भव्य आयोजन के लिए तैयार हो रहा स्मार्ट प्रयागराज

प्रयागराज:-  उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को संगम नगरी प्रयागराज में महाकुंभ-2025 की तैयारियों का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने संत समाज के साथ संवाद करते हुए कहा कि महाकुंभ की दिव्यता और भव्यता संत समाज की देन है, जबकि सरकार और प्रशासन केवल सहायक भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने महाकुंभ को देश और दुनिया में सनातन संस्कृति का संदेशवाहक बनाने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी 13 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रयागराज आएंगे और महाकुंभ से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे। उन्होंने संतों से प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में उपस्थित रहने की अपील की। संत समाज ने महाकुंभ की तैयारियों पर संतोष जताते हुए मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया और आयोजन को सफल बनाने का आश्वासन दिया।

स्मार्ट प्रयागराज के निर्माण पर जोर

मुख्यमंत्री योगी ने शनिवार को महाकुंभ की तैयारियों के तहत स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने परियोजनाओं की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। अरैल बंधा रोड पर सड़क चौड़ीकरण और सौंदर्यीकरण कार्य की समीक्षा करते हुए उन्होंने प्रयागराज को प्राचीन गौरव के अनुरूप सजाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि तीर्थयात्रियों और पर्यटकों के स्वागत के लिए ‘स्मार्ट प्रयागराज’ पूरी तरह तैयार होगा।

मुख्यमंत्री ने त्रिवेणी पुष्प और योग केंद्र का निरीक्षण किया और इसे प्रयागराज की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक धरोहर का प्रतीक बताया। साथ ही, नैनी स्थित फीकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट में नालों की टैपिंग कार्य की समीक्षा करते हुए उन्होंने गंगा और यमुना की निर्मलता सुनिश्चित करने पर बल दिया।

शिवालय पार्क: प्रमुख आकर्षण केंद्र

नैनी के अरैल में बन रहे 40,000 वर्ग मीटर क्षेत्रफल के शिवालय पार्क का निरीक्षण करते हुए मुख्यमंत्री ने इसे श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बताया। 14 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस पार्क में भारत के प्रमुख शिवालयों की प्रतिकृतियां स्थापित की जा रही हैं। इसे भारत के नक्शे के आकार में डिजाइन किया गया है, जिसमें सोमनाथ, केदारनाथ, काशी विश्वनाथ, महाकालेश्वर और अन्य प्रसिद्ध शिवालयों के प्रतिरूप शामिल होंगे।

मुख्यमंत्री ने निर्माण में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महाकुंभ 2025 को ध्यान में रखते हुए यह पार्क प्रयागराज की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को नई ऊंचाई देगा।

पुलिस की तैयारियों पर जोर

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महाकुंभ मेला क्षेत्र में पुलिस लाइन का उद्घाटन किया और पुलिसकर्मियों को महाकुंभ के लिए विशेष प्रशिक्षण दिए जाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भीड़ प्रबंधन और अफवाहों पर नियंत्रण के लिए पुलिस को सतर्क रहना होगा। उन्होंने सोशल मीडिया की निगरानी और श्रद्धालुओं के साथ मित्रवत व्यवहार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महाकुंभ-2025 के माध्यम से प्रयागराज को वैश्विक मंच पर पेश करने का यह एक ऐतिहासिक अवसर है। उन्होंने स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।

महाकुंभ-2025: सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक

मुख्यमंत्री ने कहा कि महाकुंभ-2025 भारत की प्राचीन आध्यात्मिक परंपरा को वैश्विक स्तर पर प्रस्तुत करेगा। उन्होंने इसे 'दिव्य-भव्य-डिजिटल' आयोजन बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से तीर्थयात्रियों और पर्यटकों को प्रयागराज की पौराणिकता, ऐतिहासिकता और आधुनिकता से परिचित कराने का आग्रह किया।

मुख्यमंत्री ने महाकुंभ को ‘अतिथि देवो भवः’ के भाव का प्रदर्शन करने का मंच बताया और प्रयागराजवासियों से आयोजन को सफल बनाने में सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में यह महाकुंभ अब तक का सबसे भव्य और दिव्य आयोजन होगा।

महाकुंभ-2025 को लेकर प्रयागराज प्रशासन और संत समाज के प्रयासों से यह आयोजन भारत की सांस्कृतिक धरोहर को नई पहचान देगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रयागराज की ब्रांडिंग को ‘ग्लोबल’ बनाने का यह बड़ा अवसर है, जिसे भुनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।

रिपोर्ट- मो रिजवान अंसारी. जिला संवाददाता इलाहाबाद
Comment As:

Comment (0)